गरियाबंद पुलिस का सुरक्षा अभियान तेज, अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदार सत्यापन के लिए सरपंचों-कोटवारों की बैठक

0

गरियाबंद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदार सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर सरपंचों और कोटवारों को सजग प्रहरी की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्हें निर्देशित किया गया कि गांव या वार्ड में मजदूरी, रोजगार अथवा अन्य कारणों से बाहर से आने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान पत्र नहीं है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में किराये के मकानों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। सभी मकान मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। इसके लिए ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गृहस्वामियों से अपील की गई है कि वे जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को दें।

गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जनसहभागिता से ही प्रभावी पुलिसिंग संभव है और “जन चेतना से जन सुरक्षा” के उद्देश्य के साथ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों