चारामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12 जुआरी गिरफ्तार, ₹5.96 लाख का मशरूका जब्त
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चारामा पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹5,96,510 मूल्य का मशरूका जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर थाना चारामा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर 12 आरोपी ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹31,510 नगद, 02 कार, 03 मोटरसाइकिल, 09 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और एक चटाई जब्त की। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹5,96,510 आंका गया है।
चारामा पुलिस ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध जुआ या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
