तेज रफ्तार माजदा सड़क से नीचे उतरी, सिटी कोतवाली डायल 112 ने त्वरित रेस्क्यू कर घायल चालक की बचाई जान
बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटना में एक बार फिर सिटी कोतवाली डायल 112 की तत्परता और संवेदनशीलता देखने को मिली। हलवाई खपरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरे माजदा वाहन के चालक को पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका।

जानकारी के अनुसार, हलवाई खपरी के पास तेज रफ्तार माजदा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे के बाद चालक वाहन के केबिन में फंस गया और उसकी आंख तथा पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना दोपहर करीब 3:00 बजे मिलते ही सिटी कोतवाली बाज-02 डायल 112 की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

डायल 112 में तैनात आरक्षक राजेश लकड़ा और चालक दुर्गेश साहू ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
डायल 112 की इस त्वरित कार्रवाई से घायल चालक को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज गति से वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
