ग्वालियर पुलिस की देर रात बड़ी कॉम्बिंग गश्त, 245 फरार वारंटी गिरफ्तार; 289 गुंडे-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जुलाई 2026 की दरमियानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 245 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया और 289 गुंडों व हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग कर अपराधियों पर शिकंजा कसने का संदेश दिया।

कॉम्बिंग गश्त में शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पैदल गश्त करते हुए फरार आरोपियों, जिला बदर बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों के घरों की जांच की। इसके साथ ही होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों, बैंक एटीएम और संवेदनशील क्षेत्रों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध वाहनों और मुंह ढंककर दोपहिया वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने 118 स्थायी वारंट और 127 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 245 वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं 155 गुंडों और 134 हिस्ट्रीशीटरों सहित कुल 289 अपराधियों का सत्यापन और रिकॉर्ड अपडेट किया गया।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना मोहना, बिजौली और जनकगंज में अवैध शराब के तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा धारा 107/116 के तहत चार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और धारा 110 के तहत एक अन्य कार्रवाई भी की गई।
ग्वालियर पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने सभी आदतन अपराधियों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
