ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1713.58 किलो मादक पदार्थ नष्ट, करोड़ों रुपये के ड्रग्स का किया विनष्टीकरण
मध्यप्रदेश की ग्वालियर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त 1713.58 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई भारत सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दिशा-निर्देशों के अनुसार जे.के. सीमेंट लिमिटेड, अमानगंज (जिला पन्ना) में संपन्न हुई।
पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. असित यादव की अध्यक्षता में गठित ड्रग विनष्टीकरण समिति की निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देश और पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह के निर्देशन में एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में ग्वालियर जिले के 36 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ विनष्टीकरण के लिए भेजे गए थे।
विनष्टीकरण के दौरान 11 मामलों में जब्त 469.105 ग्राम स्मैक, 23 मामलों में 831.415 किलोग्राम गांजा तथा 2 मामलों में 413.06 किलोग्राम डोडाचूरा को नष्ट किया गया। इस प्रकार कुल 1713.58 किलोग्राम मादक पदार्थ का सुरक्षित एवं विधिसम्मत विनष्टीकरण किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान ड्रग विनष्टीकरण समिति के अध्यक्ष डॉ. असित यादव, सदस्य पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा, एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा सहित ग्वालियर पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्वालियर पुलिस ने बताया कि इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को भी ग्वालियर रेंज के विभिन्न जिलों के 76 मामलों में जब्त करीब 19 क्विंटल 43 किलोग्राम मादक पदार्थों, जिनकी अनुमानित कीमत ₹5.24 करोड़ से अधिक थी, का भी अमानगंज स्थित जे.के. सीमेंट प्लांट में विनष्टीकरण कराया गया था।
पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




