सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹4 लाख का गांजा जब्त, यूपी ले जा रहे तस्कर को दबोचा

0

छत्तीसगढ़ की सूरजपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹4 लाख कीमत का 8.305 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जिले में नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना प्रतापपुर पुलिस ग्राम गोटगवां में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

पुलिस ने बाइक की डिक्की और आरोपी के बैग की जांच की, जिसमें 8 किलो 305 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹4 लाख आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रमेशचन्द्र निषाद (39 वर्ष), निवासी जिला बांदा, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह गांजा उड़ीसा से खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।

थाना प्रतापपुर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक विवेक खलखो, पीएसआई सम्पत मरावी, विकास गजेन्द्र, प्रधान आरक्षक अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा तथा आरक्षक नौशाद, प्रकाश साहू और राजेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों