ग्वालियर पुलिस की बड़ी सफलता: नकली सोना बेचकर 16 लाख की ठगी करने वाले राजस्थान के दो शातिर ठग गिरफ्तार

0
751485599_1040046215553376_1828659671729363458_n

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में थाना मुरार पुलिस ने नकली सोना बेचकर करीब 16 लाख रुपये की ठगी करने वाले राजस्थान के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम और सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, सदर बाजार मुरार निवासी विकास जैन, जो आर.के. ज्वैलर्स के संचालक हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 जुलाई 2026 को दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने अपने नाम सुंदर भोपा और रामलाल उर्फ चांदवीर बताते हुए खुद को पुश्तैनी सोने के आभूषण बेचने वाला बताया और करीब 130 ग्राम वजन के सात तवजिया बेचने का प्रस्ताव रखा।

जांच के दौरान आभूषणों की कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई। सौदे के तहत ज्वेलर ने आरोपियों को 10.50 लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष राशि के बदले सोने और चांदी के आभूषण सौंप दिए। आरोपियों के जाने के बाद दोबारा जांच में पता चला कि दिया गया सोना पूरी तरह नकली था।

घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी और अन्य लोगों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान आकाशवाणी चौराहे के पास एक आरोपी सुंदर भोपा को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना मुरार में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी रामलाल उर्फ चांदवीर को भी सात नंबर चौराहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 10.50 लाख रुपये नकद, करीब 5.50 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, जिनमें 20 ग्राम की दो जोड़ी सोने की झुमकियां, 400 ग्राम की दो चांदी की करधौनी और 500 ग्राम के दो चांदी के कड़े शामिल हैं, बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर पुत्र वीरपाल भोपा (65 वर्ष), निवासी अलवर, राजस्थान और रामलाल उर्फ चांदवीर भोपा (56 वर्ष), निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य राज्यों में की गई संभावित ठगी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों