ताजमहल में यूपी पुलिस की महिला कांस्टेबल ने जीता दिल: विदेशी पर्यटक की साड़ी संभालकर पेश की ‘अतिथि देवो भवः’ की मिसाल
उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सराहना बटोर रही हैं। आगरा के ऐतिहासिक ताजमहल में उन्होंने अर्जेंटीना से आई एक विदेशी महिला पर्यटक की मदद कर संवेदनशील पुलिसिंग और भारतीय संस्कृति की अनूठी मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, अर्जेंटीना से आई महिला पर्यटक भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर साड़ी पहनकर ताजमहल घूमने पहुंची थीं। लेकिन साड़ी पहनने का अनुभव न होने के कारण अचानक उनकी साड़ी ढीली होकर खुलने लगी, जिससे वह असहज और परेशान हो गईं।
मौके पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी ने स्थिति को तुरंत समझा और बिना देर किए पूरी संवेदनशीलता, सम्मान और शालीनता के साथ पर्यटक की साड़ी ठीक से बांधने में मदद की। उनकी इस मानवीय पहल से विदेशी पर्यटक ने राहत की सांस ली और मुस्कुराते हुए “थैंक यू यूपी पुलिस” कहकर उनका आभार व्यक्त किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। इंटरनेट यूजर्स इसे भारतीय संस्कृति के “अतिथि देवो भवः” के संदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस की जनहितैषी एवं संवेदनशील कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण बता रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय मानवीय संवेदनाओं के साथ लोगों की सहायता कर समाज में सकारात्मक संदेश भी देती है।
