तकनीक और प्रशिक्षित पुलिस बल के दम पर होगा सुरक्षित सिंहस्थ-2028, डीजीपी कैलाश मकवाणा ने दिए अहम निर्देश
मध्यप्रदेश पुलिस ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देते हुए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सेमिनार का आयोजन किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर समन्वय और प्रशिक्षित पुलिस बल के सहयोग से सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाएगा।

सेमिनार का उद्देश्य सिंहस्थ महापर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करना रहा।
डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटल मॉनिटरिंग, प्रभावी संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और तकनीकों को जिला स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि पूरे पुलिस बल को समय रहते प्रशिक्षित कर सिंहस्थ-2028 की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।
मध्यप्रदेश पुलिस का लक्ष्य है कि सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे यह आयोजन सुरक्षा और प्रबंधन के नए मानक स्थापित कर सके।
