ग्वालियर पुलिस का युवाओं को संदेश: “सपनों को उड़ान देनी है, नशे को नहीं”, 300 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुर्वेदिक कॉलेज, आमखो में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सीएसपी इंदरगंज श्री रॉबिन जैन, थाना प्रभारी कंपू श्री अमर सिंह सिकरवार एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति के सपनों, परिवार और उज्ज्वल भविष्य को भी बर्बाद कर देता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। सभी छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्त जीवन जीने की शपथ लेते हुए समाज में भी इस संदेश को फैलाने का संकल्प लिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएंगे, तभी एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम के अंत में ग्वालियर पुलिस ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “नशे से दूरी है ज़रूरी… क्योंकि आपका भविष्य सबसे ज़रूरी!”
