कोंडागांव पुलिस ने विद्यार्थियों और युवाओं को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
कोंडागांव पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एम-एस ब्लॉक कॉलोनी स्कूल एवं प्रीमैट्रिक बालक छात्रावास, कोंडागांव में विशेष साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, संदिग्ध लिंक और ओटीपी धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का सामना करना पड़े, तो बिना देर किए निकटतम पुलिस थाने या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में कोंडागांव पुलिस ने सभी विद्यार्थियों और नागरिकों को संदेश दिया कि “जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से स्वयं भी बचें तथा दूसरों को भी जागरूक करें।”
