रायगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान: अवैध अप्रवासियों की पहचान के लिए जिलेभर में सघन सर्च ऑपरेशन, किरायेदारों और औद्योगिक इकाइयों की हो रही जांच

0

रायगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अवैध अप्रवासियों की पहचान और सत्यापन के लिए जिलेभर में विशेष सघन सर्च अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाहरी राज्यों व विदेशी नागरिकों के संभावित निवास स्थलों पर व्यापक जांच की जा रही है।

इस विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां बड़ी संख्या में किरायेदार, प्रवासी श्रमिक या अन्य राज्यों के लोग निवास करते हैं।

दस्तावेजों का किया जा रहा सत्यापन

पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर निवासियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। वहीं जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और प्लांटों में कार्यरत विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य वैध दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

बिना पुलिस सत्यापन रोजगार देने वालों पर होगी कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने औद्योगिक प्रबंधन, मकान मालिकों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना पुलिस सत्यापन और वैध दस्तावेजों के किसी भी बाहरी या विदेशी नागरिक को रोजगार या आवास उपलब्ध न कराया जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

रायगढ़ पुलिस ने मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन कराएं। यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध विदेशी नागरिक या बिना वैध दस्तावेज के रहने वाला व्यक्ति दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 या राज्यव्यापी हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों