रतलाम पुलिस का ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान बना जनआंदोलन, गांव-गांव और घर-घर पहुंचा नशामुक्ति का संदेश
रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिस केवल सार्वजनिक आयोजनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि गांव-गांव, घर-घर और चौपालों तक पहुंचकर आमजन, युवाओं, महिलाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करा रही है।

गांव-गांव पहुंची पुलिस, घर-घर दिया नशामुक्ति का संदेश
थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की चौकी सरसी अंतर्गत ग्राम किमखेड़ी, खोखरा, निमन और सादाखेड़ी में पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम बताए। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से चौपालों और गांवों में लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

छात्राओं और युवाओं को किया जागरूक
थाना बाजना पुलिस ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उन्हें स्वयं जागरूक रहने और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं थाना जावरा शहर क्षेत्र के यादव मोहल्ले में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बनाया अभियान का भागीदार
थाना रिंगनोद पुलिस ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नशामुक्ति अभियान से जोड़ा। उन्हें अपने क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा नशे के आदी लोगों को नशामुक्ति केंद्र तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

बस स्टैंड, आंगनवाड़ी और गांवों में लगातार अभियान
थाना पिपलौदा ने ग्राम नवाबगंज के आंगनवाड़ी केंद्र और सुखेड़ा बस स्टैंड पर लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं थाना ताल क्षेत्र में पौधारोपण, ग्रामीण जनजागरूकता और खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
आलोट, बरखेड़ा और सैलाना में भी चला विशेष अभियान
थाना आलोट पुलिस ने नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई, जबकि थाना बरखेड़ा ने ग्राम पीपलखेड़ी में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। थाना सैलाना क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आमजन के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
रतलाम पुलिस का उद्देश्य अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंचाना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या वितरण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।







