मूसलाधार बारिश में देवदूत बनी पलारी डायल-112: जहर सेवन करने वाले युवक की बचाई जान, समय पर अस्पताल पहुंचाकर कराया इलाज
मूसलाधार बारिश और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पलारी डायल-112 की टीम ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए जहर सेवन करने वाले एक युवक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
घटना के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि ग्राम सिसदेवरी में एक युवक ने अज्ञात कारणों से विषपान कर लिया है। सूचना मिलते ही पलारी बाज-01 की टीम तेज बारिश के बीच तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर युवक की हालत गंभीर थी। पुलिस टीम ने बिना देरी किए उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलारी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। समय पर उपचार मिलने से युवक की जान बचाने में सफलता मिली।
इस सराहनीय कार्रवाई में आरक्षक राहुल ध्रुव और चालक हेमंत कुमार दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी त्वरित सूझबूझ और तत्परता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
पलारी पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में डायल-112 आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद जीवनरक्षक सेवा है।
