IPS डॉ. प्रीतपाल कौर की नई पहल: ‘प्रोजेक्ट रिवाइव’ से कैदियों को मिलेगा नया जीवन, जेल में शुरू होगा रोजगार प्रशिक्षण

0
755808272_18429605866181961_3414701068839185493_n

नागालैंड के फेख जिले में पुलिस ने जेल सुधार और कैदियों के पुनर्वास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. प्रीतपाल कौर, IPS के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट रिवाइव’ का उद्देश्य कैदियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। 25 जुलाई 2026 को शुरू हुई इस पहल के जरिए बंदियों को विभिन्न रोजगारपरक कौशल सिखाए जाएंगे, ताकि जेल से बाहर आने के बाद वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

इस परियोजना के लिए फेख जिला पुलिस ने कृषि विज्ञान केंद्र (KVK-ICAR, फेख) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA, फेख) के साथ मिलकर काम शुरू किया है। पहले चरण में कैदियों को आधुनिक कृषि तकनीकों और खेती से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इसके बाद हस्तशिल्प, बेंत से फर्नीचर निर्माण, ‘मुद्धा’ तैयार करना और अन्य स्वरोजगार आधारित कौशल का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

डॉ. प्रीतपाल कौर अपनी संवेदनशील और जनहितैषी पुलिसिंग के लिए देशभर में पहचान रखती हैं। सिविल सेवा में आने से पहले वह हरियाणा के फरीदाबाद से बीडीएस की गोल्ड मेडलिस्ट डॉक्टर थीं। समाज सेवा के बड़े उद्देश्य से उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र छोड़कर यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की और भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुईं।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई सामाजिक पहलें शुरू की हैं। नागालैंड के दूरस्थ इलाकों में उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को सिविल सेवा की मुफ्त तैयारी कराई, नशे और उग्रवाद की गिरफ्त में आए युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अभियान चलाया तथा महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के लिए भी कई योजनाएं संचालित कीं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दुनिया की प्रतिष्ठित “40 Top Cops Under 40” सूची में भी स्थान मिल चुका है।

‘प्रोजेक्ट रिवाइव’ यह संदेश देता है कि आधुनिक पुलिसिंग केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों को सुधारकर समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों