गरियाबंद पुलिस का सत्यापन अभियान तेज, देवभोग में बाहरी लोगों और किरायेदारों की हुई गहन जांच
गरियाबंद। जिले में अवैध अप्रवासियों, बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान के तहत देवभोग थाना पुलिस ने व्यापक जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।

अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आकर रह रहे किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का पुलिस ने विस्तार से सत्यापन किया। जांच के दौरान संबंधित लोगों के आधार कार्ड का एम-आधार (mAadhaar) ऐप के माध्यम से सत्यापन किया गया। इसके साथ ही उनके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप कॉल हिस्ट्री और ऑनलाइन लेन-देन की भी जांच की गई, ताकि किसी अंतरराष्ट्रीय संपर्क या संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि की जा सके।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी व्यक्तियों के दस्तावेजों का थाना स्तर पर मिलान किया गया। साथ ही NAFIS प्रणाली में उनके बायोमेट्रिक एवं अन्य आवश्यक विवरण भी दर्ज किए गए, जिससे भविष्य में पहचान और जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, मकान मालिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति, किरायेदार या फेरी वाला रह रहा है या कार्य कर रहा है, तो उसका अनिवार्य रूप से नजदीकी थाने में सत्यापन कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने का आग्रह भी किया गया है।
