गरियाबंद में मेडलेपर पोर्टल की नई पहल, डॉक्टरों को MLC-PM रिपोर्ट ऑनलाइन भरने का मिला प्रशिक्षण
गरियाबंद। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं तेज बनाने की दिशा में गरियाबंद में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला अस्पताल गरियाबंद में डॉक्टरों के लिए मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से मेडिको-लीगल केस (MLC) और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ऑनलाइन तैयार करने को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में जिला अस्पताल के सभागार में आयोजित इस संयुक्त कार्यशाला में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान डॉक्टरों को ऑनलाइन MLC और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में डॉक्टरों को मेडलेपर पोर्टल पर लॉगिन करने, लाइव डेटा एंट्री करने, डिजिटल हस्ताक्षर करने तथा रिपोर्ट से संबंधित विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डॉक्टरों द्वारा पूछे गए सवालों और तकनीकी समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया गया।
ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से आपराधिक मामलों में मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने और पुलिस तक पहुंचाने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है। इससे पुलिस की विवेचना में तेजी आएगी और न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक मेडिकल दस्तावेजों को अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।

गरियाबंद पुलिस के अनुसार इस डिजिटल व्यवस्था से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच कागजी प्रक्रिया में कमी आएगी तथा महत्वपूर्ण न्यायालयीन साक्ष्यों को सुरक्षित और त्रुटिरहित तरीके से उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन, चिकित्सक तथा पुलिस विभाग के संबंधित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
