राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 221 मामलों में जब्त ₹24 लाख की अवैध शराब नष्ट

0

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत जब्त की गई करीब ₹24 लाख मूल्य की शराब को विधिवत नष्ट किया है।

राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव के निर्देशन में राजनांदगांव स्थित रक्षित केंद्र में जब्त शराब के नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को अधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराया गया।

जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत लंबित 221 प्रकरणों में जब्त शराब को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 3,610.84 बल्क लीटर शराब नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹24 लाख बताई गई है।

नष्ट की गई शराब में 1,502 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब ₹14.83 लाख, 1,804 लीटर देशी शराब, जिसकी कीमत करीब ₹8.37 लाख, 155 लीटर बीयर, जिसकी कीमत ₹48,300 और 147 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब ₹30,750 शामिल है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आबकारी अधिनियम के प्रावधानों और राजनांदगांव कलेक्टर के आदेश के तहत की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारियों, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों