अंबुजा सीमेंट प्लांट में लोहा चोरी की कोशिश नाकाम, मैजिक वाहन छोड़कर भागे चोर; एक आरोपी गिरफ्तार
रवान। अंबुजा सीमेंट प्लांट रवान में लोहा चोरी करने पहुंचे आरोपियों के मंसूबों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पानी फेर दिया। सुरक्षा गार्डों और पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी चोरी में इस्तेमाल मैजिक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर चालक होमेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अंबुजा सीमेंट प्लांट परिसर से लोहे का सामान चोरी करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और सुरक्षा गार्डों ने मिलकर इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी पकड़े जाने के डर से मैजिक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन क्रमांक CG 04 PQ 0585 बरामद किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चोरी का लोहे का सामान लदा मिला। बरामद लोहे के एंगल, प्लेट सहित अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।

वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक होमेश रजक (19 वर्ष), पिता काशीराम रजक, निवासी ग्राम मूढ़ीपार, थाना सिटी कोतवाली की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले भी प्लांट या आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया गया और करीब ₹1 लाख का चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
