बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहन चुराने वाला शातिर गिरोह बेनकाब, 3 अंतरजिला आरोपी गिरफ्तार, 13 वाहन बरामद
बलौदाबाजार-भाटापारा। बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को निशाना बनाकर वाहन चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह का बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 13 चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बलौदाबाजार-भाटापारा के अलावा रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के बाजार एवं मार्केट क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 11 दोपहिया वाहन और 2 मालवाहक वाहन बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों में ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां वाहन आसानी से चोरी किए जा सकें। इसके बाद मौका मिलते ही वाहन पार कर उसे छिपाने अथवा दूसरे स्थान पर खपाने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस की जांच में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आरोपियों के खिलाफ 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अब बरामद वाहनों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागीरथी बंजारे (42 वर्ष), निवासी ग्राम घिरधोल थाना पलारी, लव कुमार मरकाम (38 वर्ष), निवासी ग्राम अर्जुनी थाना भाटापारा ग्रामीण और तरुण कुमार साहू (32 वर्ष), निवासी ग्राम अर्जुनी थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से बरामद सभी वाहनों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक मालिकों और संबंधित अपराधों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंतरजिला स्तर पर सक्रिय इस गिरोह के नेटवर्क और चोरी के वाहनों को खपाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।
