गरियाबंद पुलिस लाइन में रक्षाबंधन का भावपूर्ण आयोजन, जवानों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प और साइबर सुरक्षा का संदेश

0
787924741_1497305575762766_3449606535952603173_n

गरियाबंद। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस लाइन गरियाबंद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधकर उनके सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने पुलिस जवानों को तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उपहार और दक्षिणा के रूप में जवानों से समाजहित से जुड़ा एक विशेष संकल्प लेने का आग्रह किया।

बहनों की प्रेरणा से पुलिस अधिकारियों और जवानों ने किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने और हमेशा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। जवानों ने समाज की सुरक्षा के साथ स्वयं को भी व्यसनों से दूर रखते हुए स्वस्थ जीवन जीने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल दौर में बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर भी आम लोगों को जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने नागरिकों से साइबर ठगी और अन्य ऑनलाइन अपराधों से सावधान रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक गोपाल वैश्य, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर सहित पुलिस लाइन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ब्रह्माकुमारीज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *