मध्यप्रदेश पुलिस की आरक्षक वर्षा पटेल ने माउंट एल्ब्रुस फतह कर शिखर पर फहराया तिरंगा, पुलिस ध्वज भी लहराया

0

मध्यप्रदेश पुलिस की आरक्षक सुश्री वर्षा पटेल ने यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर देश, प्रदेश और मध्यप्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया। उन्होंने 18,510 फीट (5,642 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित चोटी पर तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

कठिन मौसम, तेज हवाओं और कड़ाके की ठंड के बीच वर्षा पटेल सुबह 9:07 बजे माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचीं। इस उपलब्धि के जरिए उन्होंने अदम्य साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

वर्षा पटेल इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर भी तिरंगा फहरा चुकी हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी हैं और 10 से अधिक राष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुकी हैं।

मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने वर्षा पटेल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्षा का साहस और संकल्प मध्यप्रदेश पुलिस की बेटियों के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

वर्दी में सेवा के साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने वाली वर्षा पटेल ने अपनी उपलब्धि से तिरंगे को नई ऊंचाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *