छत्तीसगढ़ राज्य खेल गीत — 2005
छत्तीसगढ़ राज्य में खेल विभाग द्वारा एक राज्य खेल गीत तैयार एवं लोकार्पित किया गया था, जिसका लोकार्पण वर्ष 2005 में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा किया गया था।
इस राज्य खेल गीत की परिकल्पना, निर्माण एवं निर्देशन तत्कालीन खेल आयुक्त राजीव श्रीवास्तव, आईपीएस द्वारा किया गया था।
इस गीत को स्वर दिया था डॉ. एस. के. राजू, आईएएस, तत्कालीन कलेक्टर, कांकेर तथा राजीव श्रीवास्तव, आईपीएस, तत्कालीन खेल आयुक्त, छत्तीसगढ़ ने।
गीत के रचनाकार श्री राजेंद्र पांडेय ‘मित्र’ हैं तथा इसका संगीत श्री तन्मय दास ने दिया था।
यह राज्य खेल गीत वर्ष 2005-06 से 2007 तक छत्तीसगढ़ राज्य में आयोजित विभिन्न खेल आयोजनों एवं खेल कार्यक्रमों में नियमित रूप से प्रसारित किया जाता रहा। यह गीत शासन द्वारा तत्कालीन खेल सचिव श्री एम. एस. मूर्ति एवं तत्कालीन खेल मंत्री श्री हेमचंद यादव की स्वीकृति से आधिकारिक रूप से जारी किया गया था।
इस राज्य खेल गीत की उस समय की मूल ऑडियो रिकॉर्डिंग आज भी सुरक्षित है। इसके साथ उस समय जारी की गई पुरानी मूल सीडी का कवर भी अवलोकनार्थ उपलब्ध है।
वर्तमान में मैंने उसी वर्ष 2005 की मूल ऑडियो रिकॉर्डिंग का उपयोग करते हुए, अपनी ओर से थोड़ा-बहुत वीडियो संपादन कर एक नया वीडियो तैयार किया है। यह वीडियो केवल अवलोकन एवं संदर्भ के लिए प्रस्तुत कर रहा हूँ।
यह राज्य खेल गीत छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास का एक महत्वपूर्ण एवं स्मरणीय दस्तावेज है। उचित समझें तो कृपया इसे खिलाड़ी समुदाय और खेल प्रेमियों को उनके अवलोकन एवं अभिलेख हेतु प्रेषित करने की कृपा करें।
राजीव श्रीवास्तव आईपीएस (सेवानिवृत्त)
छत्तीसगढ़
