साइबर जागृति अभियान: बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने 54 बैंक शाखाओं में चलाया विशेष अभियान, 1,560 से अधिक नागरिकों को किया जागरूक
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिलेभर के बैंक परिसरों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से जिले की 54 प्रमुख बैंक शाखाओं में 1,560 से अधिक नागरिकों को वित्तीय सुरक्षा और ऑनलाइन साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में स्थित बैंकों तक पुलिस टीम पहुंची। नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।

इस विशेष अभियान में बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों ने भी पुलिस टीम के साथ सक्रिय भागीदारी की। बैंक आने वाले ग्राहकों को साइबर ठगी के तरीकों और सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए बैंक परिसरों में विशेष सेल्फी स्टैंड लगाए गए, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने। ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर ‘जागरूकता की सेल्फी’ ली और सोशल मीडिया पर साझा करते हुए साइबर जागरूकता अभियान में अपनी भागीदारी निभाई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें। साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी को सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय बताया गया।
