पखांजूर हथियारबंद डकैती कांड में बड़ा फैसला, सभी 8 दोषियों को आजीवन कारावास

0

कांकेर जिले के चर्चित पखांजूर हथियारबंद डकैती मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 8 दोषसिद्ध आरोपियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। इस मामले में पुलिस की साक्ष्य आधारित विवेचना और अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी के बाद सभी आरोपियों को दोषी ठहराया गया।

बड़े कापसी क्षेत्र में हुई हथियारबंद डकैती की घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से सभी आरोपियों तक पहुंचा गया और घटना के महज 72 घंटे के भीतर सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान डकैती में लूटी गई करीब 11 लाख रुपये की नकद राशि, सोने के आभूषण और मोबाइल सहित अन्य सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड और गवाहों के बयान महत्वपूर्ण साबित हुए।

मजबूत साक्ष्य जुटाने के बाद अभियोजन पक्ष ने न्यायालय के समक्ष 32 गवाहों के बयान और 149 दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन्हीं साक्ष्यों और प्रभावी अभियोजन पैरवी के आधार पर सभी 8 आरोपियों को दोषसिद्ध किया गया।

विशेष न्यायालय, अत्याचार अधिनियम, उत्तर बस्तर कांकेर ने सभी दोषियों को आजीवन कारावास सहित कठोर सजा सुनाई। इस फैसले को गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई प्रभावी पुलिस विवेचना की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों