सड़क सुरक्षा के लिए राजनांदगांव पुलिस की पहल: बारिश में सड़कों से हटाए आवारा मवेशी, शहर में लगाए स्टॉपर्स

0

बारिश के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका को कम करने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर विशेष पहल शुरू की है। सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से होने वाले संभावित हादसों को देखते हुए पुलिस द्वारा गौवंश और अन्य मवेशियों को सुरक्षित रूप से सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए दुर्घटना का खतरा अधिक रहता है। विशेष रूप से रात्रि के समय सड़क पर मौजूद गौवंश के कारण हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

बारिश के दौरान सड़कें गीली होने और दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और रात्रि के समय वाहन धीमी गति से और सावधानीपूर्वक चलाएं। सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर वाहन की गति नियंत्रित करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा शहर के मध्य आवश्यक स्थानों पर स्टॉपर्स भी लगाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना और नागरिकों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों