LIC एजेंट ने पॉलिसीधारकों के पते की जगह अपना पता दर्ज कर की 6.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, बसंतपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0
792748788_1483738923790319_8508819812292349217_n

राजनांदगांव: पॉलिसीधारकों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले LIC एजेंट को थाना बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से पॉलिसीधारकों के वास्तविक पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर नई बीमा पॉलिसियां खुलवाईं और पुरानी पॉलिसियों को नियमित नहीं कराया। इस धोखाधड़ी से पॉलिसीधारक को लगभग 6 लाख 39 हजार 571 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।

मामले की शुरुआत आवेदक मुकेश सोनकर की शिकायत से हुई। उन्होंने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम से LIC एजेंट देवेन्द्र सोनकर के माध्यम से विभिन्न बीमा पॉलिसियां ली थीं। 7 अप्रैल 2026 को LIC कार्यालय में जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि एजेंट ने पॉलिसीधारकों के पते की जगह अपना पता दर्ज कराया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी पॉलिसियों को नियमित कराने के बजाय नई पॉलिसियों में अपना पता दर्ज कराया। पुरानी पॉलिसियों के लैप्स होने के कारण पॉलिसीधारक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शिकायत की जांच के बाद थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 409/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर देवेन्द्र सोनकर, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पनेका, हाल मुकाम इंदिरा नगर, राजनांदगांव को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।

थाना बसंतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से पॉलिसीधारकों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों