चिखली दीनदयाल नगर हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा, 6 लाख की कमीशन रकम के विवाद में दोस्त की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव: चिखली दीनदयाल नगर में हुई हत्या की गुत्थी चिखली पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चंद घंटों में सुलझा ली। जमीन खरीदी-बिक्री के कारोबार में मिलने वाली करीब 6 लाख रुपये की कमीशन राशि में अपने हिस्से के भुगतान को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अपने साथी की लोहे के सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले में 3 सितंबर 2026 को चिखली दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिलने पर चौकी चिखली पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। जांच के दौरान दीनदयाल कॉलोनी स्थित आरोपी के किराये के मकान के पीछे बने हॉल में अर्जुन वाधवानी का शव चादर में लिपटा हुआ मिला। प्रार्थी विकास देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी चिखली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदेह के आधार पर सुनील वर्मा उर्फ बबलू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक अर्जुन वाधवानी जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करते थे। जमीन सौदे से प्राप्त करीब 6 लाख रुपये की कमीशन राशि में अपने हिस्से की आधी रकम आरोपी मृतक से पिछले 6-7 महीनों से मांग रहा था, लेकिन भुगतान को लेकर लगातार टालमटोल की जा रही थी।

घटना वाले दिन आरोपी के किराये के मकान में इसी कमीशन राशि को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सुनील वर्मा ने मकान में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन वाधवानी के सिर और माथे पर कई गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे हॉल में रख दिया और मकान में ताला लगाकर वहां से चला गया।

आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने कपड़ों को गठुला नाला के पास छिपाने के लिए मृतक की कार का इस्तेमाल करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और घटना में प्रयुक्त मृतक की कार सहित संबंधित सामग्री की जब्ती कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू, उम्र 29 वर्ष, निवासी रामनगर वार्ड नंबर 08, हाल चिखली दीनदयाल नगर, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव है। पुलिस ने आरोपी को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *