डोंगरगढ़ में अवैध डीजल भंडारण पर चिचोला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4,000 लीटर डीजल जब्त; आरोपी फरार
राजनांदगांव/डोंगरगढ़: अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस चौकी और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने अवैध रूप से डीजल का भंडारण एवं बिक्री करने वाले के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के किराये के मकान से 4,000 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 12 हजार रुपये है, जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुर (खातुटोला) स्थित यूपी प्रतापगढ़ ढाबा यानी जुम्मन ढाबा का संचालक अतीक खान उर्फ जुम्मन खान ग्राम नारायणगढ़ में किराये के मकान में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर रहा है। आरोप है कि वह आने-जाने वाले ट्रकों के चालकों को डीजल बेचकर अवैध धन लाभ अर्जित कर रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में डोंगरगढ़ डिवीजन स्पेशल टीम और पुलिस चौकी चिचोला की टीम ने संबंधित किराये के मकान में दबिश दी। मकान के बाहर शटर पर ताला लगा हुआ था और उसकी चाबी आरोपी अपने साथ ले गया था। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर ताला तोड़ा गया।

मकान की तलाशी के दौरान प्लास्टिक के सिंटेक्स और प्लास्टिक टैंकों में भंडारित 4,000 लीटर डीजल कीमत 4,12,000 रुपये बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए जब्त डीजल को कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान घटना दिनांक से फरार है। उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7, बीएनएस की धारा 303(2) एवं बीएनएसएस की धारा 35(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
