गरियाबंद में गांजा तस्करी पर ‘ऑपरेशन निश्चय’ की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत मध्यप्रदेश के 3 आरोपी गिरफ्तार; 10.663 किलो गांजा जब्त

गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय अभियान के तहत इंदागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत मध्यप्रदेश के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.663 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों और चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों से कुछ लोग ओडिशा की ओर से इंदागांव क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं।
दो मोटरसाइकिलों से बरामद हुआ 10.663 किलो गांजा
सूचना पर इंदागांव थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुभाष दुकान के सामने संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पहली मोटरसाइकिल से 5.423 किलो और दूसरी से 5.240 किलो, कुल 10.663 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल CG-04-LQ-1115, बजाज एवेंजर CG-10-AS-0588 और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त सामग्री समेत कुल संपत्ति की कीमत ₹6,43,150 बताई गई है।
मध्यप्रदेश के शाहडोल जिले के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश सिंह (32), देवेंद्र सिंह (21) और पूनम सिंह (21) के रूप में हुई है। तीनों मध्यप्रदेश के शाहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इंदागांव पुलिस ने मामले में NDPS Act की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
