कांकेर में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, घटना के 5 घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई
कांकेर। नाबालिग बालिका के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के महज 5 घंटे के भीतर सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

अपहरण की रिपोर्ट के बाद शुरू हुई तलाश
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग बालिका की तलाश शुरू की और उसे दस्तयाब किया।
पूछताछ तथा विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में धारा 64(1), 70(2), 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 8 और 10 जोड़ी गई।
साइबर सेल के साथ संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को उनके निवास स्थान से पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार (24 वर्ष), राहुल मंडावी (20 वर्ष), गुपेश कुमार दर्रो (21 वर्ष) और मनीष सेवता (28 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ग्राम धोड़दा, थाना कोरर, जिला कांकेर के निवासी हैं।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
