रतलाम में सोलर प्लांट से 16 कॉपर केबल बंडल चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; जला हुआ वायर और नकदी बरामद

0

रतलाम: ताल थाना पुलिस ने ग्राम असावता स्थित निर्माणाधीन सोलर एनर्जी प्लांट से कॉपर केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 किलो जला हुआ कॉपर वायर, 30,500 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

चौकीदारों ने साथियों के साथ मिलकर की चोरी

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को ग्राम असावता स्थित पीक रिन्यु सोलर एनर्जी प्लांट से 16 कॉपर केबल बंडल चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले में ताल थाने में अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसमें सोलर प्लांट में चौकीदारी करने वाले सूरपालसिंह और नागुसिंह की भूमिका सामने आई। पूछताछ और आगे की जांच में उनके साथ लालसिंह और कृष्णपालसिंह के भी चोरी में शामिल होने की जानकारी मिली।

चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल जलाकर बेच दिया

पुलिस ने पहले सूरपालसिंह और नागुसिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद लालसिंह और कृष्णपालसिंह उर्फ विशालसिंह को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर को जलाकर बेच दिया गया था। बिक्री से मिली रकम में से कुछ खर्च कर दी गई, जबकि कुछ राशि उनके पास बची थी।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 50 किलो जला हुआ कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 52,500 रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा 30,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त MP13ZQ5652 नंबर की मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, भी जब्त की गई।

आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल जावरा में निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है और प्रकरण की विवेचना अभी जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *