सहयोग चौपाल और चलित थाना के जरिए ग्रामीणों तक पहुंची कोण्डागांव पुलिस

0
5137ac84-0fe3-45ba-b5a7-2678bf46ce18

कोण्डागांव पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता अभियान के तहत थाना मर्दापाल क्षेत्र के हसलनार और मर्दापाल साप्ताहिक बाजारों में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, आईपीएस के मार्गदर्शन में हुए इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों से जुड़ी जानकारी दी गई।

बाजारों में मौजूद लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

यातायात जागरूकता के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा सहित यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। नशामुक्ति अभियान के तहत शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक तथा सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के बारे में भी जानकारी दी। नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा के विषय पर घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण और साइबर बुलिंग से बचाव की जानकारी दी गई। पुलिस ने किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल सूचना देने और सहायता लेने की अपील की। सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के निकट पहुंचाना, उनकी समस्याएं सुनना और अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी बढ़ाना बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार या किसी अन्य आपराधिक घटना की जानकारी नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई। कोण्डागांव पुलिस ने बताया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों