चैतन्य बघेल गिरफ्तार: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे पर शिकंजा,छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई

50a873a9-ca2a-4660-b7dd-2868416a12ce-1.jpg

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सामने आए बड़े आबकारी घोटाले में अब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार का नाम भी जांच के दायरे में आ गया है। शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर छापेमारी की। इस संबंध में खुद बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा कर जानकारी दी। करीब सात घंटे चली जांच प्रक्रिया के बाद ईडी ने उनके बेटे चैतन्य बघेल को हिरासत में ले लिया।

ईडी की टीम सुबह लगभग 5:30 बजे भिलाई स्थित निवास पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी चल रही जांच के तहत की गई, जो अब 3200 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। छापेमारी के बाद ईडी चैतन्य बघेल को रायपुर लेकर रवाना हुई। खास बात यह है कि गिरफ्तारी के दिन ही चैतन्य का जन्मदिन भी था।

इस पूरे घटनाक्रम पर भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने अपने ट्वीट में तंज कसते हुए लिखा, “जन्मदिन पर ऐसा तोहफा शायद ही किसी लोकतंत्र में किसी और को मिलता हो, जैसा मोदी-शाह जी देते हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है, जिसमें वह तमनार क्षेत्र में पेड़ काटने के मुद्दे को उठाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही केंद्र सरकार की ओर से ईडी की कार्रवाई करवा दी गई। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “ईडी आ गई। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने भेज दी है।”

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को ईडी ने होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के भिलाई स्थित निवास, होटल और अन्य परिसरों पर छापा मारा था। दिल्ली और गोवा में भी उसके ठिकानों पर छापेमारी हुई, जहां से करीब 70 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई थी। बताया जा रहा है कि विजय अग्रवाल पूर्व मुख्यमंत्री के नजदीकी सहयोगियों में से एक हैं।

इस मामले में ईडी की जांच लगातार तेज़ होती जा रही है और राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है।

हो सकता है आप चूक गए हों