उच्च रिटर्न का झांसा देकर महिला डिप्टी डायरेक्टर से 90 लाख की ठगी, मामला थाने पहुंचा
रायपुर। राजधानी में आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय में कार्यरत डिप्टी डायरेक्टर माया तिवारी से करीब 90 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आई एक महिला ने उन्हें एक फर्जी निवेश योजना में शामिल कर बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। जब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने राखी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
माया तिवारी ने पुलिस को बताया कि 3 मार्च 2025 को फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें एक लिंक के माध्यम से सरकार समर्थित योजना में ऊंचा रिटर्न मिलने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें निवेश करने पर भारी लाभ की बात कही गई थी। उन्होंने वीडियो में दिए गए निर्देशों के अनुसार अपना नाम, ईमेल और मोबाइल नंबर दर्ज किया।
कुछ देर बाद जारा अली खान नाम की एक महिला ने उनसे संपर्क किया और खुद को “बुल मार्केट्स योर गेटवेज” नामक एक ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा बताया। महिला ने निवेश पर असाधारण रिटर्न का वादा करते हुए विभिन्न बैंक खातों में यूपीआई, आरटीजीएस और आईएमपीएस के माध्यम से पैसे जमा कराए।
लगातार निवेश, फिर धोखाधड़ी का खुलासा
3 मार्च से 23 मई 2025 के बीच डिप्टी डायरेक्टर ने 90 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए भेज दिए। जब उन्हें रिटर्न नहीं मिला और संदेह बढ़ा, तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। जवाब में आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फिलहाल महिला आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
