पाकिस्तान-पंजाब ड्रग्स कनेक्शन का भंडाफोड़: रायपुर पुलिस ने 1 करोड़ की हेरोइन जब्त कर 9 तस्करों को दबोचा!

0
पाकिस्तान-पंजाब ड्रग्स कनेक्शन का भंडाफोड़: रायपुर पुलिस ने 1 करोड़ की हेरोइन जब्त कर 9 तस्करों को दबोचा!

रायपुर, 04 अगस्त। रायपुर पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 412 ग्राम हेरोइन जब्त की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पंजाब के गुरदासपुर निवासी मुख्य सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी समेत कुल 9 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते रायपुर में ड्रग्स की आपूर्ति करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा विदेशी नंबरों के माध्यम से नेट कॉलिंग की जा रही थी ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर ग्राहकों को वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से हेरोइन की डिलीवरी देते थे। करोड़ों रुपये के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है, जिसमें मनी ट्रांसफर के लिए फर्जी म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपी सुवित श्रीवास्तव, जो रायपुर के कमल विहार सेक्टर-04 का निवासी है, इस लोकल नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया गया है। उसके घर को ही तस्करी नेटवर्क का हब बनाया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान से सीधा संपर्क और बातचीत के डिजिटल सबूत मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहा था। रायपुर एसएसपी ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब सभी गिरफ्तार आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों