कवर्धा में 50 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां और संपत्ति जब्त

0
3 aaropi

कवर्धा। जिला पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निवेशकों को 10% मासिक लाभ का वादा कर और एक वर्ष में मूल राशि लौटाने का भरोसा दिलाकर करोड़ों रुपये हड़प लिए थे।

मामला अक्टूबर 2024 का है, जब स्थानीय निवासी शिव सोनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD. और निवेश किंग कंपनी के संचालक – धर्मेश धुर्वे (35), यतीन्द्र धुर्वे (29) और नारायण प्रसाद धुर्वे (56), निवासी मठपारा, कवर्धा – ने निवेशकों को धोखे में रखकर करोड़ों की ठगी की।

कैसे हुआ खुलासा
लगातार छानबीन और बैंक लेनदेन की जांच के बाद पुलिस ने 19 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में यह सामने आया कि केवल कबीरधाम जिले में करीब 1.39 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी, जबकि पूरे छत्तीसगढ़ में इस गिरोह ने 50 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हड़पी थी।

पुलिस ने आरोपियों की ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों और लग्जरी वाहनों के दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इसमें बिलासपुर में 57 लाख रुपये की जमीन, कवर्धा में 1.10 करोड़ रुपये की भूमि और टाटा हैरियर व अर्टिगा जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।

एसपी का बयान
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा,
“राज्य में आर्थिक अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। निवेशकों को ठगने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा, पांडातराई थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, साइबर प्रभारी मनीष मिश्रा और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों