पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने किया बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निरीक्षण, अधिकारियों को संवेदनशील पुलिसिंग के निर्देश
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का दौरा कर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संवेदनशील पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और टीमवर्क पर जोर दिया।
बलौदाबाजार। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री अमरेश मिश्रा (भा.पु.से.) ने जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर गंभीर एवं चर्चित मामलों की समीक्षा की।
बैठक में 07 राजपत्रित अधिकारी, 14 थाना एवं चौकी प्रभारी सहित लगभग 30 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आईजी ने बैठक में थाना कार्यवाही, बेसिक पुलिसिंग, अपराधों व शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटी घटनाओं को बड़ी वारदातों में बदलने से रोकने के लिए प्रभावी और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। साथ ही अधिकारियों को अपने निर्णयों की समीक्षा करते हुए कार्यों को और अधिक बेहतर एवं सार्थक ढंग से करने की हिदायत दी।
आईजी मिश्रा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उनका कहना था कि संगठित रूप से कार्य करने से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी और जनता का विश्वास मजबूत होगा।
इस अवसर पर उन्होंने थाना सिटी कोतवाली परिसर में बने नवीन विवेचक कक्ष का लोकार्पण भी किया।
