जांजगीर-चांपा में ट्रांसफार्मर लूट गैंग का पर्दाफाश – कॉपर पार्ट्स चोरी करते 2 आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मरों से कॉपर मेटल पार्ट्स चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।

img_1088.jpg

जांजगीर-चांपा, 28 अगस्त। जिले की चांपा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। घूम-घूमकर बिजली ट्रांसफार्मरों से कॉपर मेटल पार्ट्स चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर में लगे डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स के 09 नग कॉपर मेटल पार्ट्स और चोरी में प्रयुक्त हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BC 3536) बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम –

1️⃣ पवन कुमार सिदार (42 वर्ष), निवासी पथरी पारा कोरबा, हाल मुकाम बाबा डेरा लछनपुर थाना जांजगीर।

2️⃣ अर्जुन सिंह कंवर (40 वर्ष), निवासी कोरवापारा, चांपा।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे (IPS) के निर्देशन में कार्रवाई की गई। बताया गया कि आरोपी कई दिनों से ट्रांसफार्मरों से कॉपर पार्ट्स काटकर चोरी कर रहे थे।

मामले की शुरुआत तब हुई जब 12 अगस्त 2025 को प्रार्थी भूपेंद्र साहू, सहायक यंत्री, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि चांपा क्षेत्र के 18 ट्रांसफार्मरों से कॉपर मेटल पार्ट्स चोरी हो चुके थे। 26 अगस्त को कृष्णा हॉस्पिटल, नया बस स्टैंड रोड के पास लगे ट्रांसफार्मर से भी कॉपर पार्ट्स गायब मिले थे।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतासाजी शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातों को कबूल कर लिया।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, SDOP चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन और थाना चांपा टीम की मेहनत से सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपियों पर धारा 303(2), 3(5)BNS, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 और लोक संपत्ति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है और जनता में भरोसा और मजबूत हुआ है।

हो सकता है आप चूक गए हों