जांजगीर पुलिस की बड़ी कामयाबी : चिटफंड घोटाले के दो फरार आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर पुलिस ने चिटफंड धोखाधड़ी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भैरव मिश्रा उर्फ मोगली और चाँद मोहम्मद खान के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक प्रेस्टीज इन्फ्राकॉन इंडिया लिमिटेड कंपनी ने आम लोगों को पैसों को दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी। इस मामले में कंपनी से जुड़े कई निदेशक और ऑपरेटरों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। वहीं ये दोनों आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नज़र रख रही थी। हाल ही में पुख़्ता सूचना मिलने पर विशेष टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
जांजगीर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निवेशकों को धोखा देने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों पर सख़्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
