एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जशपुर पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को दी साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा की सीख

0
20 sept 1.4

जशपुर, 20 सितम्बर।
महिला सुरक्षा और डिजिटल युग में बढ़ते अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में 18 और 19 सितम्बर को महिला थाना परिसर में दो दिवसीय जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बिहान महिला स्व-सहायता समूह पत्थलगांव और फरसाबहार की महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। मौके पर डीएसपी श्रीमती मंजूलता बाज ने उपस्थित महिलाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, महिला एवं बालिका सुरक्षा और साइबर ठगी से निपटने के उपाय बताए।

बालिका शिक्षा पर जोर

डीएसपी मंजूलता बाज ने कहा कि “बालिका शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का साधन नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति की कुंजी है।” उन्होंने उदाहरणों के साथ समझाया कि शिक्षित बालिका परिवार में स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक निर्णयों में अहम योगदान देती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने गांव-परिवार में बालिका शिक्षा को बढ़ावा दें और सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें।

ट्रैफिक नियमों की जानकारी

कार्यक्रम में महिलाओं को ट्रैफिक सुरक्षा के महत्व से भी अवगत कराया गया। हेलमेट पहनने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और सड़क पर मोबाइल फोन के उपयोग से बचने जैसे नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध ओवरटेकिंग और तेज गति सड़क हादसों के बड़े कारण हैं, जिन्हें जागरूकता से कम किया जा सकता है।

नशा मुक्ति पर संदेश

अभियान में नशे के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महिलाओं और युवाओं को बताया गया कि शराब, तंबाकू और अन्य नशे न केवल स्वास्थ्य बल्कि शिक्षा और परिवारिक वातावरण को भी प्रभावित करते हैं। उन्हें “ना कहने की हिम्मत” रखने और समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया गया।

साइबर फ्रॉड से सतर्कता

डीएसपी बाज ने साइबर अपराधियों की चालाकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ठग अक्सर खुद को बैंक अधिकारी, पुलिस या सरकारी एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर पासवर्ड और निजी जानकारी हासिल करते हैं। महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या पुलिस से संपर्क करें।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “पत्थलगांव और फरसाबहार की महिला लीडरों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है ताकि वे अपने-अपने गांव में जाकर अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक करें। जशपुर पुलिस महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर महिलाएँ तुरंत 9479128400 पर नोनी रक्षा रथ हेल्पलाइन से संपर्क करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों