बालोद पुलिस ने महाराष्ट्र से पकड़े 50 लाख की शेयर ट्रेडिंग ठगी के 2 आरोपी

0
22 sept 6

दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन में बालोद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर 50 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है।

मामला 27 मार्च 2025 का है, जब बालोद के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 30 जनवरी से 10 फरवरी के बीच आरोपी डॉक्टर को एक शेयर ट्रेडिंग ग्रुप से जोड़कर ऊंचे मुनाफे का झांसा दे रहे थे। इस दौरान डॉक्टर से कुल ₹50,38,206 रुपये अलग-अलग किश्तों में UPI और RTGS के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद ने थाना बालोद और साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की। यह टीम औरंगाबाद और मुंबई गई और वहां स्थानीय पुलिस की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रेम जाधव (23 वर्ष) पिता अशोक जाधव और गौरव उर्फ प्राइड गणेश जाधव (19 वर्ष) पिता गणेश जाधव, निवासी जवाहर कॉलोनी, बोधनगर, थाना जवाहर नगर, जिला औरंगाबाद (महाराष्ट्र) बताए गए हैं। आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड जब्त किया गया है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में थाना बालोद और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस लगातार अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है और लोगों से अपील की कि किसी भी निवेश स्कीम में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों