गरियाबंद पुलिस ने 403 किलो गांजा और 650 नशीली गोलियां नष्ट कीं | NDPS Act Action
गरियाबंद। पुलिस मुख्यालय एवं मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के दिशा-निर्देशों के तहत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति गरियाबंद द्वारा 29 सितम्बर 2025 को बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 18 प्रकरणों में जब्त कुल 403.414 किलोग्राम गांजा और 650 नशीली दवाओं की गोलियां को रायपुर स्थित जैसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में जला कर नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई NDPS अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई, जिसमें जब्त किए गए नशीले पदार्थों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नष्ट किया गया।

नष्ट करने की कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, जिला आबकारी अधिकारी गरियाबंद, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी, तथा समिति सदस्य जितेन्द्र चंद्राकर और गजेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय रायपुर से जारी निर्देशों के अनुरूप की गई है। इसका उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध व्यापार पर कड़ी रोक लगाना है।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
