कबीरधाम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया, 53 किलो गांजा बरामद
कबीरधाम। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना चिल्फी क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी के दौरान कबीरधाम पुलिस को भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से गांजा की खेप लाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए चिल्फी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 53 किलो गांजा बरामद किया गया।
आरोपी से पूछताछ में पता चला कि यह गांजा दूसरे राज्यों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक समेत कुल ₹28.10 लाख की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
