मुंगेली पुलिस की धमाकेदार कार्रवाई: ‘ऑपरेशन बाज’ में सटोरिया पकड़ा, नकदी और मोबाइल जब्त
मुंगेली पुलिस ने जुआ और सट्टेबाजी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध सट्टेबाजी को पूरी तरह खत्म करना है। इसी क्रम में चिल्फी थाना पुलिस ने एक आरोपी को लोगों को सट्टा खिलाते हुए दबोच लिया।
पुलिस टीम ने पथर्रा के रहने वाले संजय उर्फ संजू साहू को उस समय पकड़ लिया जब वह आम लोगों को सट्टे के नंबर बता रहा था। मौके से भारी मात्रा में नकदी, सट्टा पर्चियां और मोबाइल फोन सहित कई सामग्री जब्त की गई। पुलिस की तत्परता के कारण आरोपी को मौके से भागने का कोई मौका नहीं मिला।
जप्त सामग्री में ₹60,700 नकद, कागज़ पर सट्टे की पर्चियां, व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा संचालन से जुड़े डाटा, 2 मोबाइल फोन और एक डॉट पेन शामिल है। आरोपी के खिलाफ चिल्फी थाना में अपराध क्रमांक 174/25 के तहत धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। सभी कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
‘ऑपरेशन बाज’ की अब तक की प्रगति भी उल्लेखनीय रही है। अभियान की शुरुआत से लगातार कार्रवाई जारी है और अब तक कुल 38 मामलों में 38 सटोरियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कार्रवाई के दौरान कुल ₹1,51,210 की नकदी भी जब्त की गई है। यह अभियान जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
मुंगेली पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है कि जिले में सट्टा, जुआ या इससे जुड़े किसी भी अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जनता से अपील की गई है कि यदि कहीं भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
