कोरर पुलिस ने चोरी हुई स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद की, पूर्व कर्मचारी निकला आरोपी
कोरर पुलिस ने स्विफ्ट डिज़ायर कार चोरी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित गजेन्द्र सिन्हा, उम्र 43 वर्ष, निवासी कोरर ने 05 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कार क्रमांक CG 19 TS 3477, जो घर के सामने खड़ी थी, सुबह लगभग 6 बजे गायब हो गई। आसपास तलाश करने पर वाहन का पता न लगने पर मामला थाने में दर्ज किया गया।

प्रार्थी के लिखित आवेदन पर पुलिस ने धारा 303(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों—एसएसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला (BPS), एएसपी दिनेश सिन्हा, एवं एसडीओपी मोहसिन खान—के निर्देशन में कोरर थाना पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल व्यक्ति गांव केवटिनटोला में हो सकता है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध सुशील कुमार नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी केवटिनटोला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी पहले पीड़ित के यहां काम कर चुका था और 04 नवंबर को उसने क्लिनिक से चोरी-छिपे कार की चाबी उठा ली थी। अगले दिन सुबह लगभग 3 बजे वह कार लेकर फरार हो गया और उसे बेचकर आर्थिक फायदा कमाने की योजना बना रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुई स्विफ्ट डिज़ायर कार को गढ़पिछवाड़ी, कांकेर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार नायक पिता संतोष नायक को 15 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कोरर पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों पर निगरानी और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
