कांकेर पुलिस द्वारा ‘चाइल्ड सेफ्टी वीक’ का सफल समापन, 2500 से अधिक बच्चों ने लिया भाग
कांकेर पुलिस द्वारा 14 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक आयोजित ‘चाइल्ड सेफ्टी वीक’ का सफल समापन किया गया। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जिले के बच्चों को सुरक्षा, संरक्षण और जागरूकता से जोड़ना था। समापन कार्यक्रम पीएम श्री नरहरदेव विद्यालय, कांकेर में आयोजित हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक अशाराम नेताम रहे। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव श्रीसागर तथा अन्य अधिकारी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूरे अभियान को डीआईजी एवं एसएसपी कांकेर श्री आई.के. एलेसेला के निर्देशन और एएसपी दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी डीएसपी विनीकेश्वरी पिंडे (नोडल अधिकारी) और डीएसपी कविता धुर्वे (सहायक नोडल अधिकारी) ने निभाई। जिले के सभी थाना क्षेत्रों से लगभग 2500 बच्चे, शिक्षक और नागरिक इस कार्यक्रम में शामिल हुए। विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को गुड टच–बैड टच, POCSO एक्ट, मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और पौष्टिक आहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ और ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। बच्चों को पुलिस स्टेशन का भ्रमण भी कराया गया ताकि वे पुलिस कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकें और उनसे आत्मीयता विकसित हो।

कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी विपिन जैन, डीएसपी योगेश साहू, डीएसपी गिरिजाशंकर साव (नक्सल ऑप्स), डीएसपी अविनाश ठाकुर (DRG), डीएसपी डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह (बस्तर फाइटर), रक्षा निरीक्षक गोविंद वर्मा, ट्रैफिक इंचार्ज दीपक साव, अजाक टीआई जितेंद्र साहू, अनील शर्मा, कांकेर चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष दिनेश राजाक, सिटी मंडल अध्यक्ष सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
