थाना हथबंध पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी–लूट गैंग का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाज़ार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हथबंध और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल छह आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से थाना हथबंध क्षेत्र में चोरी, दुकानों में सेंधमारी और व्यापारी के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

एक कपड़ा व्यवसायी से हुई लूट के बाद पुलिस ने कार्रवाई को तेज किया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी और लूट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी पेशेवर और आदतन अपराधी हैं, जो पहले रेकी करते और फिर रात में वारदात को अंजाम देते थे।
कार्रवाई में पुलिस ने गैस सिलेंडर, मोटर पंप, बिजली के तार सहित करीब एक लाख रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी घरों और दुकानों को पहले से चिन्हित कर योजना बनाते थे। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर जानकारी के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम—
- प्रीम संवरा उर्फ फेरू संवरा, उम्र 21 वर्ष, निवासी संवरा मोहल्ला, थाना हैंडबंध
- कार्तिक उर्फ बोटाडी संवरा, उम्र 19 वर्ष, निवासी संवरा मोहल्ला, थाना हैंडबंध
- अशोक संवरा, उम्र 29 वर्ष, निवासी संवरा मोहल्ला, थाना हैंडबंध
- सूरज पाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी गड़रिया पारा, थाना हैंडबंध
- दीपक कुमार निषाद, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम हैंडबंध
- महेत्रू सेन, उम्र 58 वर्ष, निवासी निषाद पारा, थाना हैंडबंध
पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।
