गोगुंडा पहाड़ी में नया सुरक्षा कैंप स्थापित, सुकमा पुलिस की बड़ी उपलब्धि
नक्सल प्रभावित और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सुकमा जिला पुलिस व सुरक्षा बलों ने गोगुंडा की पहाड़ी पर नए सुरक्षा कैंप की सफल स्थापना कर ली है। यह क्षेत्र लंबे समय से दर्भा डिवीजन के माओवादियों का आधार क्षेत्र माना जाता रहा है, जहां आज तक न तो पक्का रास्ता था और न ही सुगम मार्ग उपलब्ध था।

पहाड़ियों को काटकर बनाया सुरक्षित मार्ग
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों—खड़ी चढ़ाइयां, घने जंगल, ऊँचे-नीचे ढलान और प्राकृतिक बाधाओं—के बीच सुरक्षा बलों ने कई दिनों तक निरंतर मेहनत करते हुए पहाड़ को काटकर सुरक्षित सड़क तैयार की। इसी मार्ग से आवश्यक सामग्री, संरचनात्मक सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था को पहाड़ी के शीर्ष तक पहुँचाया गया। इन चुनौतियों को पार करते हुए कैंप की स्थापना पूर्ण की गई, जो अब क्षेत्र में सुरक्षा का नया केंद्र होगा।

स्थानीय ग्रामीणों को मिली सुगम आवागमन की सुविधा
कैंप की स्थापना के साथ ही गोगुंडा के चारों दिशाओं से आने वाले ग्रामीणों को पहली बार सुगम परिवहन सुविधा मिलने लगी है। सड़क बनने से गांवों के बीच संपर्क बढ़ा है और सरकारी योजनाएं अब अधिक प्रभावी तरीके से ग्रामीणों तक पहुँचेंगी।

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और सैनिकों का उत्साहवर्धन
03/12/2025 को CRPF CG सेक्टर के इंस्पेक्टर जनरल श्री शालिन ने नए सुरक्षा कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप की सुरक्षा व्यवस्था, संचार प्रणाली, और एंटी-नक्सल ऑपरेशंस की समीक्षा की तथा जवानों का मनोबल बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी CRPF श्री आनंद सिंह राजपुरोहित, एसपी सुकमा श्री किरण चव्हाण (IPS), कमांडेंट 74 बटालियन हेमांशु पांडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नक्सल विरोधी अभियानों में रणनीतिक बढ़त
- 2024 से सुकमा जिले में अब तक 21 नए कैंप स्थापित किए जा चुके हैं।
- इन अभियानों के चलते 587 नक्सलियों ने हथियार छोड़े, 68 माओवादी मारे गए, और 450 गिरफ्तार हुए हैं।
- गोगुंडा कैंप माओवादियों के दर्भा डिवीजन के प्रभाव को कमजोर करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

कैंप स्थापना के दौरान एक प्लांटेड IED ब्लास्ट में CRPF का 1 जवान और जिला पुलिस की 1 महिला आरक्षक घायल हुए, जिनका इलाज उच्च स्तर पर जारी है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
सरकार की “नियाड़ नेल्ला नाड़” योजना को मिलेगी गति
इस कैंप का उद्देश्य सुरक्षा के साथ ग्रामीणों तक विकास कार्यों को सुरक्षित रूप से पहुँचाना है। सुरक्षा बलों की उपस्थिति से क्षेत्र में विकास कार्यों को सुरक्षा मिलेगी और ग्रामीणों में विश्वास का माहौल मजबूत होगा।
एसपी सुकमा श्री किरण चव्हाण ने कहा कि,
“सुरक्षा और विकास को हर गांव तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। गोगुंडा में हुई यह उपलब्धि उसी संकल्प का परिणाम है, और ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाता रहेगा।”

