इर्रागाँव साप्ताहिक बाजार में पुलिस की जागरूकता मुहिम: साइबर क्राइम, ट्रैफिक नियम और नशा मुक्ति पर मार्गदर्शन
कोंडागांव जिले में पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में साप्ताहिक बाजार इर्रागाँव में उपस्थित ग्रामीणों को महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी जानकारियाँ दी गईं। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्र (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशकाल के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
इर्रागाँव पुलिस ने बाजार में मौजूद ग्रामीणों को बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर लोगों को ठग रहे हैं। फर्जी कॉल, लिंक, OTP फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने हेतु सावधान रहने की सलाह दी गई। किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या कॉल की सूचना तुरंत पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट का उपयोग, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, तीन सवारी से बचने, नशे में वाहन न चलाने और वाहन के सभी दस्तावेज साथ रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने नशा उन्मूलन के तहत शराब, तम्बाकू, गुटखा और अन्य मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभाव समझाकर ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इर्रागाँव पुलिस ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि ग्रामीण साइबर ठगी, सड़क दुर्घटनाओं और नशे के खतरे से सुरक्षित रह सकें।
